अंबेडकरनगर। सेवानिवृत्त होने के चार घंटे बाद रात के अंधेर में दो करोड़ से अधिक के कार्याें का टेंडर खोलने के मामले में तत्कालीन ईओ पर पुलिस का शिकंजा कसने लगा है। जांच में गड़बड़ी के आरोप की पुष्टि के बाद अब पुलिस आरोपपत्र तैयार कर कोर्ट में पेश करने की तैयारी में है। इसके लिए अभियोजन अधिकारी को पत्र भेजकर मामले में आगे की कार्रवाई पर सहमति भी मांगी गई है।
पूरा मामला जलालपुर नगर पालिका परिषद से जुड़ा है। वहां तैनात रहे अधिशासी अधिकारी यदुनाथ 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हुए थे। इस दौरान विदाई समारोह का आयोजन भी किया गया था। आरोप है कि सेवानिवृत्त होने के चार घंटे बाद रात साढे नौ बजे करीब बिना अधिकार के ही ईओ ने अवैध ढंग से दो करोड़ से अधिक राशि की खरीद से जुड़े एक टेंडर को खोल दिया। यह काम सेवानिवृत्त ईओ की एक चहेती फर्म को सप्लाई ऑर्डर देने के लिए किया गया था।
इस मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से उजागर किया था। इसके बाद जिला प्रशासन ने पूरे मामले की जांच कराने के बाद आरोप सही मिलने पर करीब तीन माह पहले जलालपुर कोतवाली में ईओ के खिलाफ केस दर्ज कराया था। लंबी विवेचना के बाद तत्कालीन ईओ यदुनाथ को पुलिस ने भी पूरे मामले मेंं दोषी पाया है। अब पुलिस ने आरोप पत्र तैयार कर उसे अभिमत के लिए अभियोजन अधिकारी के पास भेजा है। वहां से पत्रावली वापस आते ही आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल कर दिया जाएगा। इससे तत्कालीन ईओ की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।