अंबेडकरनगर। माहौल बेहतर रखते हुए विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दें। शिक्षा ऐसी हो जिससे बच्चों में निखार आए। यह विचार मंगलवार को उप निदेशक/डायट प्राचार्य डॉ. मनोज गिरि ने प्रकट किए। वे कटेहरी विकास खंड के बीआरसी परिसर में आयोजित ग्राम प्रधान व प्रधानाचार्य की संयुक्त कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि निपुण भारत अभियान को अच्छे ढंग से लागू करने में कटेहरी ब्लॉक के शिक्षकों की भूमिका सराहनीय है। इसे आगे और बेहतर करना है। बच्चों को इस लायक बना देना है कि वे आगे गर्व से कह सकें कि मैं सरकारी स्कूल से अच्छी शिक्षा पाकर बड़े मुकाम तक पहुंचा हूं।
बीएसए बीपी सिंह ने डीबीटी का शत-प्रतिशत सदुपयोग अभिभावकों से कराने का आह्वान प्रधानों और शिक्षकों से किया। विभाग की योजनाओं को लागू करने में ग्राम प्रधानों के सहयोग का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें हर तरह की बेहतरी तय करते रहने में अपना योगदान देते रहना है। बीडीओ सुभाष चंद्र सरोज ने कायाकल्प में कटेहरी ब्लॉक के आगे रहने का जिक्र करते हुए कहा कि पूरी टीम को इसी तत्परता से काम करते रहना है।
कार्यक्रम संयोजिका बीईओ सबिस्ता परवीन ने कहा कि हमें जिले में अपने ब्लॉक को सबसे आगे रखना है। यह तभी होगा जब सभी प्रधान, शिक्षक और अभिभावक अपनी जिम्मेदारी का पूरा निर्वहन करेंगे और एक साथ मिलकर योजना व ऊपर से मिलने वाले निर्देशों पर अमल करेंगे। इससे पहले मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख मौसम वर्मा ने सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उन्होंने विभाग को सभी तरह के सहयोग का भरोसा दिलाया। वरिष्ठ शिक्षक विजय चंद्र मिश्र के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में प्रधान संघ ब्लॉक अध्यक्ष राजेश सिंह, डायट मेंटर सुरेश कुमार, एआरपी अशर्फीलाल गुप्त, सौरभ, बृजेश यादव, मनीष कुमार, महेंद्र गुप्ता और राम निहाल वर्मा आदि मौजूद रहे।