केदारनगर। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के सहजौरा घाट पर शनिवार सुबह एक युवती ने सरयू नदी में छलांग लगा दी। वहां मौजूद मल्लाहों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मौके पर पहुंची पुलिस की सूचना पर आए गोताखोरों ने तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उन्हें सफलता नहीं मिल सकी थी। ।
जानकारी के अनुसार इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के मीरानपुरा बभनपुरा गांव निवासी रामअशीष गुप्ता की 21 वर्षीय पुत्री रूबी शनिवार सुबह घर से निकलकर सरयू नदी के सहजौरा घाट पर पहुंची। वहां कुछ मल्लाह मौजूद थे। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते युवती ने नदी में छलांग लगा दी।
उसे बचाने के लिए मल्लाहों ने भी नदी में छलांग लगाई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस बीच सूचना पर थानाध्यक्ष इब्राहिमपुर संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनकी सूचना पर टांडा से गोताखोर मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवती की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल सका था। अंधेरा होने के चलते तलाशी का कार्य रोक देना पड़ा।
एसओ ने बताया कि जलालपुर थाना क्षेत्र के बड़ागांव मूल निवासी रामअशीष गुप्ता बभनपुरा में किराए के आवास में रहता है। वह कबाड़ की खरीद फारोख्त का कार्य करता है। बताया कि शनिवार सुबह परिवार के एक सदस्य ने किसी बात पर उसे डांट दिया था। इसी से क्षुब्ध होकर उसने नदी में छलांग लगा दी।