अंबेडकरनगर के मसड़ा गांव में निरीक्षण के दौरान बच्चों से सवाल करते डीएम सैमुअल पॉल एन।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। पात्रों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं, यह जानने के लिए डीएम सैमुअल पॉल एन मंगलवार को टांडा तहसील के मसड़ा गांव पहुंचे। कभी उन्होंने खेतों का सहारा लिया, तो कभी पगडंडियों का। डीएम ने यहां तालाब व नाले का निरीक्षण किया, तो वहीं आवास योजना के पात्रों से मिलकर उनसे फीडबैक लिया। यहां उन्होंने कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिए। कहा कि सभी पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
अलग-अलग योजनाओं के पात्रों से मिलने तथा योजनाओं को लेकर जरूरी फीडबैक हासिल करने के सिलसिले में डीएम सैमुअल पॉल एन गांव की तरफ निकले। डीएम ने मसड़ा गांव पहुंचकर वहां चल रहे विकास कार्यों की हकीकत परखी। उन्होंने जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही इसमें गुणवत्ता भी बरती जाए। उन्होंने गांव में प्रधानमंत्री आवासीय योजना ग्रामीण योजना के तहत निर्मित हो रहे आवासों के बारे में जानकारी की। लाभार्थी शिवराजी व कमलेश कुमारी के निर्माणाधीन आवास का जायजा लिया। निर्माण गुणवत्ता ठीक पाई गई। उन्होंने जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि जो वंचित पात्र हैं, उन्हें सूची में शामिल किया जाए। साथ ही प्राथमिकता के आधार पर उन्हें योजना का लाभ भी दिलाया जाए।
डीएम ने गांव में बनाए गए नाला व तालाब निर्माण का भी स्थलीय निरीक्षण किया। इसके लिए उन्हें कभी खेत से होकर जाना पड़ा, तो कभी पगडंडियों का सहारा लेना पड़ा। डीएम ने तालाब के किनारे और ज्यादा पौधे लगवाने के निर्देश ग्राम पंचायत अधिकारी विमल कुमार वर्मा को दिए। निर्माणाधीन पंचायत भवन का निरीक्षण कर काम तेजी से पूरा कराने का निर्देश दिया। कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण में सबकुछ ठीक मिला। डीएम ने गांव में पूर्व में बनाए गए कुएं को ढकवाने का निर्देश भी दिया। डीएम ने गांव में स्कूल ड्रेस में मिले प्राथमिक विद्यालय के एक छात्र को रोककर उससे पढ़ाई के बारे में पूछताछ भी की। डीएम के सवाल पर छात्र ने बताया कि एक साल बाद फिर से स्कूल खुला है। डीएम ने उसे अच्छे ढंग से पढ़ाई करने को कहा। इस मौके पर सीडीओ घनश्याम मीणा, डीडीओ वीरेंद्र सिंह, पीडी प्रदीप पांडेय व बीडीओ शशांक सिंह आदि मौजूद रहे।