बसखारी। अकबरपुर-बसखारी हाईवे पर हरैया गांव के पास सोमवार सुबह सीएनजी कैस्केड ट्रक से गैस रिसाव होने के कारण अफरा तफरी मच गई।
आजमगढ़ से अकबरपुर जा रहे इस ट्रक के सिलिंडर से सुबह करीब 9:45 बजे अचानक गैस रिसने लगी। दुर्गंध आने पर चालक ने तत्परता दिखाते हुए वाहन बीच सड़क पर रोक दिया और क्लीनर ने डायल-112 को सूचना दी। अनहोनी की आशंका के चलते चालक-क्लीयर ने पास मौजूद वाहनों को दूर हटने की चेतावनी दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा की दृष्टि से हाईवे पर पुलिस वाहन आड़े-तिरछे खड़े कर यातायात पूरी तरह रोक दिया। वाहनों को दूसरे मार्गों पर डायवर्ट कर दिया गया। लगभग आधे घंटे तक गैस के धुएं का गुबार निकलता देख स्थानीय लोग सहम गए। सूचना के बावजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। करीब 45 मिनट बाद सुबह 10:30 बजे सिलिंडर खाली होने पर रिसाव स्वतः बंद हुआ, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। सुबह 11 बजे के करीब हाईवे पर आवागमन सामान्य हो सका। सीओ सिटी नितीश कुमार तिवारी ने बताया कि रिसाव सिलिंडर के नोजल से हो रहा था।