जहांगीरगंज। जहांगीरगंज कस्बे में शुक्रवार को गैस कारोबारी आनंद (22) का शव दुकान के अंदर पंखे से रस्सी के सहारे लटका मिला। स्थानीय लोगों ने कर्ज के दबाव में आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई है।
पलई रामनगर निवासी आनंद पुराने डाकघर के सामने स्थित दुकान पर गैस का कारोबार करते थे और किराये के मकान में रहते थे। शुक्रवार को खाना खाने घर न पहुंचने पर उनकी मां फुला देवी और बहन उन्हें बुलाने दुकान पर पहुंचीं। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दोपहर करीब 3:30 बजे स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए।
आनंद का पंखे से रस्सी के सहारे लटके मिले। तुरंत उन्हें नीचे उतारकर निजी अस्पताल ले जाया गया जहां से सीएचसी जहांगीरगंज रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आनंद परिवार का इकलौता कमाने वाले सदस्य थे। उनके पिता रमेश की मौत करीब 15 वर्ष पहले गैस सिलिंडर से लगी आग में झुलसने से हो गई थी। परिवार में मां फूला देवी और तीन बहनें हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। आनंद पर पूरे घर की जिम्मेदारी थी।