बसखारी (अंबेडकरनगर)। शकील हत्याकांड में दिवंगत के पुत्र से रंगदारी मांगने के मामले में दोनों आरोपियों पर हंसवर पुलिस ने गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि दोनों आरोपियों को बीते दिनों ही रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार जेल भेज दिया था।
बीते दिनों हंसवर थाना क्षेत्र के निवासी शकील अहमद की हत्या कर दी गई थी। इस मामले के दो आरोपियों मोहम्मद यहिया व शमीम पर शकील के पुत्र फैसल ने बीते दिनों रंगदारी मांगने का आरोप लगाया था। बताया कि आरोपियों ने उसे धमकी दी कि मुकदमे में खर्च की गई राशि यदि वापस नहीं की गई तो अंजाम भुगतने को तैयार रहें। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्घ केस दर्ज कर लिया। बाद में दोनों आरोपियों को नरायनपुर प्रीतमपुर के पास गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी यहिया के पास से तमंचा व कारतूस तथा शमीम के पास से चाकू बरामद हुआ था। बाद में दोनों को जेल भेज दिया गया था। इस बीच पुलिस ने दोनों आरोपियों पर नकेल कसने के लिए गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्यवाही की तैयारी शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्यवाही करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।