अंबेडकरनगर। अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण अभियान की शुरूआत 15 जनवरी को जिले में जोर-शोर से हुई। जगह-जगह भाजपा व हिंदू संगठनों के नेताओं व कार्यकर्ताओं समेत आम नागरिकों ने मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पित की। इसमें सर्वाधिक राशि टांडा विधायक संजू देवी ने एक लाख 11 हजार रुपये सौंपी। सभी लोगों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि मंदिर निर्माण के लिए जरूरी धनराशि आगे भी सौंपी जाएगी।
राम मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण अभियान में भागीदारी को नगर के झारखंड महादेव व हनुमान मंदिर में बड़ी तादाद में नागरिक एकत्र हुए। मंदिर निर्माण को लेकर यहां लोगों में उत्साह दिखा। सभी ने एक स्वर में राम मंदिर निर्माण को लेकर जयघोष किया। मुख्य अतिथि टांडा विधायक संजू देवी ने निजी मद से एक लाख 11 हजार रुपये की धनराशि सौंपी। कहा कि सभी नागरिकों को इसमें अपना सहयोग करना चाहिए। इसके साथ ही यहां धनराशि सौंपने का तांता लग गया। इसमें शिवशंकर गुप्त, विनोद बसोतिया, आनंद अग्रवाल, पप्पू यादव, दानबहादुर यादव, चंदन सिंह, तृप्ति कसौधन, तेजस्वी जायसवाल, कृष्ण कुमार सोनी, दिनेश अग्रवाल, सतीश यादव, रंगीलाल कसौधन व विनय शर्मा आदि मुख्य रूप से शामिल रहे।
अभियान के जिला प्रमुख विधायक प्रतिनिधि श्यामबाबू ने कहा कि यह संपूर्ण हिंदू समाज के लिए गौरव का पल है। यह जनपद निश्चित रूप से सहयोग करने में प्रांत में अव्वल रहेगा। बजरंग दल जिला संयोजक आलोक चौरसिया व अभियान के नगर पालक आनंद अग्रवाल ने नागरिकों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इसी तरह का सहयोग बनाए रखना होगा।
भीटी बाजार स्थित कार्यालय में हुए कार्यक्रम में राम मंदिर निर्माण के लिए पूर्व सांसद हरिओम पांडेय ने 51 हजार रुपये की मदद समर्पण निधि में की। साथ ही प्रतिनिधि राजमणि सिंह ने भी दस हजार रुपये का योगदान दिया। इसके अलावा सेवानिवृत्ति शिक्षक हनुमान सिंह ने पांच हजार, भाजपा नेता अरविंद प्रसाद गोस्वामी ने 5100 रुपये का योगदान समर्पण निधि में दिया।
जलालपुर में समर्पण निधि अभियान प्रभारी विपिन जायसवाल व नगर अध्यक्ष संजीव कुमार मिश्र की अध्यक्षता में आयोजन हुआ। जायसवाल ने बताया कि अब तक 60 हजार की धनराशि श्रद्धालुओं ने निधि में दी है। अभियान के स्थानीय प्रमुख हृदयमणि मिश्र ने बताया कि डॉॅ योगेश उपाध्याय ने 5100, पूर्व प्रधान कजपुरा राजेंद्र प्रसाद पाल ने 5100 रुपये दिए।
जहांगीरगंज के गढ़वल बाजार में चले अभियान में विधायक अनीता कमल ने 5100, जबकि पूर्व विधायक त्रिवेणीराम ने भी 5100 रुपये का योगदान निधि में दिया। िजले के अन्य क्षेत्रों में इसी तरह के आयोजन हुए, जिसमें भाजपा व हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं समेत आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।