जलालपुर में मुस्लिम समाज के लोगों से वार्ता करते एडीएम डॉ. सदानंद गुप्ता।
अंबेडकरनगर। वक्फ संशोधन बिल पेश होने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच जुमे की नमाज संपन्न हुई। इस दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी सतर्क रहे। अधिकारियों ने मस्जिदों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही मुस्लिम धर्मगुरुओं से वार्ता कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। इस दौरान मस्जिद से पहले और बाद में लोगों को एक स्थान पर जमा होने से रोका गया।
संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन से निगरानी कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जुमे की नमाज के बीच बृहस्पतिवार की रात से ही प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी थीं। शहर के शिया जामा मस्जिद मीरानपुर, लतीशिया मस्जिद मीरानपुर, हुसैनिया मस्जिद मीरानपुर, लोरपुर स्थित जामा मस्जिद समेत अन्य स्थानों पर पुलिस व पीएसी जवानों की मौजूदगी में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई। सीओ सिटी देवेंद्र कुमार मौर्य, इंस्पेक्टर श्रीनिवास पांडेय समेत अन्य अधिकारियों ने भ्रमण कर व्यवस्था देखी।
शहर के तहसील तिराहा स्थित मस्जिद के पेश इमाम मो. शिबली ने कहा कि इस बिल को मुस्लिम समाज पर थोपने का काम किया जा रहा है। बिल से सरकार वक्फ संपत्तियों पर नियंत्रण करेगी। अब न्यायपालिका से ही उम्मीद है। जलालपुर में एसडीएम पवन जायसवाल, सीओ अनूप कुमार सिंह, इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने जुमे की नमाज शुरू होने से पहले ही धर्मगुरुओं से वार्ता कर शांतिपूर्ण ढंग से नमाज अदा करने की अपील की। साथ ही लोगों को भीड़ न लगाने के लिए निर्देशित किया। एएसपी पश्चिमी विशाल पांडेय व अन्य अधिकारियों ने अलग-अलग क्षेत्रों का भ्रमण किया।