अंबेडकरनगर। अकबरपुर क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के सत्यापन के नाम पर अवैध धन वसूली का मामला सामने आया है। पुलिस ने डूडा के म्यूनिसिपल इंजीनियर विवेक की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है।
25 जुलाई को आरोपी ने वार्ड नंबर 10 अहरिया के गंजा क्षेत्र में कई लोगों को फोन किया। उसने आवास दिलाने और सत्यापन करने की बात कहकर ठगी का प्रयास किया। एक जागरूक नागरिक ने इसकी सूचना वार्ड के सभासद राजकुमार वर्मा को दी। सभासद ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को फोन पर बुलाया। जब सभासद और नागरिक मौके पर पहुंचे, तो आरोपी ने पहले रौब झाड़ने की कोशिश की। विरोध का सामना करने पर वह घबरा गया और इधर-उधर की बातें करने लगा। उसका एक साथी मौके से भाग निकला, जबकि नागरिकों ने फर्जी मुंशी को पकड़ लिया।
पकड़े जाने से पहले आरोपी ने 15 लोगों से एक हजार से दो हजार रुपये तक वसूल लिए थे। वह 16वीं महिला को अपना शिकार बनाने जा रहा था। पकड़ा गया आरोपी भीटी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। वह अकबरपुर के औलियापुर कॉलोनी में किराये के मकान पर रहता है। इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।