मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने छापेमारी कर दूध व क्रीम के चार नमूने भरे। उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। उधर पूर्व में लिए गए नमूनों में 20 अधोमानक पाए जाने पर संबंधित से स्पष्टीकरण मांगा गया।
एफएसडीए के मुख्य खाद्य निरीक्षक विनोद पाण्डेय के मुताबिक टीम ने मंगलवार को जिला अस्पताल परिसर में दूधिया घनश्याम के यहां से दूध का नमूना, सैदापुर बाजार से उमेश कुमार के दूथ से दूध, मालीपुर चौराहे पर प्रहलाद से दूध व कटेहरी बाजार में मुकेश की मिठाई की दुकान से क्रीम का नमूना लिया गया।
सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया। मुख्य खाद्य निरीक्षक ने बताया कि पूर्व में छापेमारी कर लिए गए नमूनों में 20 अधोमानक पाए गए। इस बारे में संबंधित दुकानदार से स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध एडीएम कोर्ट में वाद दायर किया जाएगा।