विभिन्न मार्ग दुर्घटनाओं में एक किशोर समेत चार लोगों की मौत हो गई। होली के मौके पर हुई दुर्घटना से उनके परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ हैै। बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। थाना क्षेत्र सम्मनपुर अंतर्गत संदलपुर गांव निवासी अंकुश वर्मा (16) पुत्र रामनिहाल सोमवार दोपहर बाइक से जलालपुर जाते समय कासिमपुर कर्बला के निकट तेज रफ्तार जीप की टक्कर लगने से घायल हो गया।
गंभीर अवस्था में उसे सीएचसी जलालपुर ले जाया गया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत फत्तेपुर ककरडिल्ला गांव निवासी जालंधर (18) पुत्र बासू सोमवार अपराह्न बाइक से बाजार जाते समय तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। आसपास लोग घटनास्थल पर पहुंचे और उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदनपुर गांव निवासी अच्छेलाल (23) पुत्र झिनकू रविवार देर शाम बाइक से अकबरपुर आते समय नगर के निकट पहुंचने पर तेज रफ्तार जीप की टक्कर लगने से घायल हो गया।
उसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई। वहीं, बसखारी थाना अंतर्गत बहाउद्दीनपुर गांव निवासी दातादीन (44) पुत्र बच्चाराम को रविवार देर शाम बाइक से बसखारी बाजार से घर जाते समय शुकुलबाजार के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते, चालक ट्रक लेकर भाग निकले।
गंभीर अवस्था में दातादीन को पहले सीएचसी बसखारी ले जाया गया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। घटना से संबंधित के परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ हैै। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
उधर, थाना क्षेत्र अकबरपुर अंतर्गत फत्तेपुर गांव निवासी राकेश (18) पुत्र रामधारी सोमवार अपराह्न बाइक से अकबरपुर से घर जाते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से घायल हो गया। इसी थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदैनी गांव निवासी चाहत (9) पुत्र राजकुमार सोमवार दोपहर घर के बाहर खेलते समय बाइक की टक्कर से घायल हो गया।
इसी थाना क्षेत्र के शहजादपुर निवासी पूर्णमासी (35) पुत्र रोशनलाल सोमवार अपराह्न फव्वारा तिराहा के निकट बाइक की टक्कर से घायल हो गया। अकबरपुर थाना अंतर्गत ही पहितीपुर निवासी इखलाक खान (35) पुत्र लियाकत अली रविवार देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जाते समय किसी बाइक की टक्कर से घायल हो गया।
वहीं, जहांगीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जहांगीरगंज निवासिनी शोभावती (75) पत्नी हरीलाल सोमवार सुबह सड़क पार करते समय जीप की टक्कर से घायल हो गई। उधर, टांडा थाना क्षेत्र अंतर्गत बलया जगदीशपुर गांव निवासी सुनील (20) पुत्र बंशीराम व विनोद (25) पुत्र नीबूलाल सोमवार अपराह्न बाइक से टांडा जाते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से घायल हो गए।
इनके अलावा बसखारी थाना क्षेत्र अंतर्गत शेखपुर निवासी विनय (25) पुत्र रामसेवक रविवार देर शाम बाइक से घर जाते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से घायल हो गया। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।