अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में शनिवार को भर्ती डायरिया पीड़ित।
- फोटो : अमर उजाला
लगातार बढ़ते तापमान के बीच जिले में डायरिया का प्रकोप भी बढ़ता जा रहा है। शनिवार को डायरिया से पीड़ित एक मासूम समेत कुल चार नए मरीज जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए। जानकारी के अनुसार महरुआ थाना अंतर्गत महरुआ बाजार निवासिनी राजेश्वरी (50) पत्नी रामाशंकर को शनिवार सुबह उल्टी-दस्त होने लगा।
परिवारीजनों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, आलापुर थाना अंतर्गत आलापुर निवासी राधेश्याम की तीन वर्षीय पुत्री पीहू शनिवार भोर में डायरिया की चपेट में आ गई। परिवारीजनों ने उसका पहले स्थानीय स्तर पर इलाज कराया लेकिन तबियत में सुधार नहीं हुआ।
उसे रामनगर सीएचसी में भर्ती कराया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। उधर, अकबरपुर थाना अंतर्गत पहितीपुर बाजार निवासिनी पूजा (25) पत्नी चंदू को डायरिया से पीड़ित होने के बाद परिवारीजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
अकबरपुर थाना अंतर्गत पुलिस लाइन में तैनात सिपाही विक्रम (31) पुत्र विनय को शनिवार सुबह उल्टी-दस्त होने लगा। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।