अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में भर्ती तेज बुखार से पीड़ित महिला।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में संक्रामक रोगों का प्रकोप थम नहीं रहा है। सोमवार को भी तेज बुखार की चपेट में आए चार और लोग जिला अस्पताल में भर्ती हुए। इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। गौरतलब है कि कुछ दिनों से जिले में संक्रामक रोग तेजी से पांव पसारता जा रहा है। शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरता हो जब तेज बुखार से पीड़ित लोग जिला अस्पताल में न पहुंचते हों।
सोमवार को भी चार और मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए। जानकारी के अनुसार जैतपुर थाना अंतर्गत चांदपुर गांव निवासी दयाशंकर (48) पुत्र चंद्रभूषण को परिवारीजनों ने सोमवार सुबह तेज बुखार की चपेट में आने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं, इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केदारनगर निवासी दीपांश (18) पुत्र संदीप को रविवार दोपहर तेज बुखार चढ़ गया। स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद उसे सोमवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरमपुर निवासिनी किरन (26) पत्नी योगेंद्र रविवार देर शाम तेज बुखार की चपेट में आ गई।
उसे सोमवार सुबह परिवारीजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, महरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत महरुआ निवासिनी खुशबू (15) पुत्री रामयज्ञ को तेज बुखार की चपेट में आने के बाद परिवारीजनों ने सोमवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया।