अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में सोमवार को भर्ती बुखार पीड़ित युवक।
- फोटो : अमर उजाला
स्वास्थ्य विभाग के तमाम प्रयासों के बाद भी तेज बुखार का प्रकोप थन नहीं रहा है। सोमवार को भी इससे पीड़ित चार नए मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए। इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
गौरतलब है कि जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक तेज बुखार का प्रकोप फैला है। इसकी चपेट में आने वाले पीड़ितों की संख्या बढ़ती ही जा रही है।
सोमवार को भी अलग-अलग क्षेत्रों से चार नए मरीज जिला अस्पताल पहुंचे। जैतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रतापपुर निवासी मोनू (5) पुत्र छोटेलाल को रविवार दोपहर बाद तेज बुखार चढ़ गया। उसे पहले सीएचसी नगपुर फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसी थाना क्षेत्र के दौलताबाद निवासिनी बिंदु (45) पत्नी हरीराम को रविवार देर शाम तेज बुखार चढ़ गया। स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया लेकिन तबियत में सुधार नहीं हुआ। इस पर सोमवार सुबह उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं, अलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत आसोपुर गांव निवासिनी संगीता (26) पत्नी मोहनलाल रविवार सुबह तेज बुखार की चपेट में आ गई। उसे पहले सीएचसी टांडा फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी थाना क्षेत्र अंतर्गत अलीगंज निवासिनी खैरुन्निशा (36) पत्नी मुसाकत अली को तेज बुखार की चपेट में आने के बाद सोमवार भोर में परिवारीजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।