अंबेडकरनगर। जिले के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। नए शैक्षिक सत्र से आईटीआई संस्थानों में रोजगार आधारित चार नए कोर्स शुरू किए जाएंगे जिनकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इन कोर्सों के माध्यम से युवाओं को कम समय में कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
नए सत्र से राजकीय आईटीआई अकबरपुर में आईटी कोर्स, आलापुर व जहांगीरगंज में ब्यूटी एंड वेलनेस तथा टांडा में इलेक्ट्रॉनिक्स से संबंधित प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। इन कोर्सों को वर्तमान बाजार की मांग और तकनीकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। नई शिक्षा नीति 2020 के तहत किए जा रहे इस बदलाव के तहत शॉर्ट टर्म कोर्स संचालित किए जाएंगे जिनकी अवधि तीन महीने होगी। एसएसडीएफ योजना के तहत इन कोर्सों के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें कुल 25 छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा। आईटीआई के नोडल अधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि आज के समय में कंपनियां लंबी डिग्री के बजाय व्यावहारिक कौशल को अधिक महत्व देती हैं। ऐसे में ये अल्पकालिक कोर्स युवाओं के लिए काफी उपयोगी साबित होंगे।