ड्रग इंस्पेक्टर के निरीक्षण के दौरान प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री करते पाए जाने के मामले में 11 मेडिकल स्टोर्स संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। चार मेडिकल स्टोर्स का जहां लाइसेंस निरस्त कर दिया गया वहीं सात मेडिकल स्टोर्स का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
गौरतलब है कि लगभग दो माह पूर्व ड्रग इंस्पेक्टर अनीता कुरील ने जिला मुख्यालय समेत विभिन्न क्षेत्रों में संचालित मेडिकल स्टोर्स पर छापा मारा था। इनमें 11 मेडिकल स्टोर्स पर प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री करते पाया गया। ड्रग इंस्पेक्टर ने दवाओं का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया था।
साथ ही कार्रवाई के लिए मंडलीय अधिकारियों को पत्र भेजा था। जांच रिपोर्ट आने के बाद बीते दिन संबंधित मेडिकल स्टोर्स के विरुद्ध विभिन्न गड़बड़ी में कार्रवाई करते हुए कन्नौजिया ड्रग स्टोर औलियापुर, श्याम ड्रग स्टोर मिझौड़ा, उदय मेडिकल स्टोर अशरफाबाद जहांगीरगंज व आनंद मेडिकल स्टोर जहांगीरगंज का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया।
इसके अलावा पाइनियर सर्जिकल सेंटर एंड मेडिकल स्टोर सद्दरपुर, अल्फिया मेडिकल स्टोर इल्तिफातगंज, प्रताप मेडिकल स्टोर जलालपुर, सिंह मेडिकल एजेंसी अकबरपुर, शिवा मेडिकल स्टोर अकबरपुर, ठाकुर मेडिकल स्टोर हयातगंज टांडा, तुलसी मेडिकल स्टोर ताराखुर्र्द व परवेज मेडिकल स्टोर रसूलपुर का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।