अंबेडकरनगर। जिले में एक बार फिर से 1126 कोटे से जुड़े चार लाख से अधिक राशनकार्डधारकों का सत्यापन होगा। पात्रों को योजना का लाभ दिलाने व अपात्रों का नाम सूची से बाहर किए जाने के शासन के दिशा निर्देशानुसार एक नवंंबर से सत्यापन प्रक्रिया प्रारंभ होगी।
अपात्र होने के बावजूद पात्रता सूची में नाम शामिल कराकर कोटे से खाद्यान्न ले रहे कार्डधारक अब लाभ नहीं उठा सकेंगे। शासन ने एक बार फिर से सभी राशनकार्डधारकों का स्थलीय सत्यापन कराने का निर्देश दिया है। प्रमुख सचिव उत्तर प्रदेश आलोक कुमार ने पत्र जारी कर निर्देशित किया कि 30 नवंबर तक सत्यापन का काम पूरा कर लिया जाए।
मालूम हो कि बीते कुछ दिनों से शिकायत सामने आ रही थी कि कुछ अपात्र लोग भी राशनकार्ड बनवाकर कोटे से खाद्यान्न ले रहे हैं। इसके अलावा कुछ ऐसे भी लोग हैं जो पात्र हैं लेकिन योजना का लाभ नहीं मिल रहा। इन्हीं सबको लेकर जांच का निर्णय हुआ है। जिलापूर्ति कार्यालय के अनुसार जिले में कुल 1126 कोटे हैं। इनसे चार लाख एक हजार आठ सौ राशनकार्डधारक जुड़े हैं। एक नवंबर से इनके सत्यापन का काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में सचिव जबकि शहरी क्षेत्रों में नगर पंचायत व नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी जांच कराएंगे। एक माह में सत्यापन पूर्ण कर रिपोर्ट शासन को भेज दी जाएगी।
यह होंगे अपात्र
जिनके पास चार पहिया वाहन हो, पांच केवीए का जनरेटर, ट्रैक्टर, पांच एकड़ भूमि, सरकारी नौकरी, कर दाता पात्रता श्रेणी में होगा, पात्रता सूची में ऐसे लोगों का नाम होने पर उसे सूची से बाहर किया जाएगा।
एक माह में पूरा होगा सत्यापन
शासन के दिशा-निर्देशानुसार एक माह के अंदर सभी राशनकार्डधारकों का सत्यापन पूरा कर लिया जाएगा। अपात्रों को सूची से बाहर करने के साथ ही पात्रों का नाम सूची में शामिल किया जाएगा। - सुरेश कुमार, क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक