ओवरटेक करने के दौरान पिकअप की टक्कर लगने से यात्रियों से भरी वैन सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इससे उसमें सवार चार लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जाता है कि वैन सवार लोग कोइरी का पूरा गांव में विवाह के लिए लड़की देखने जा रहे थे।
फैजाबाद जनपद के बीकापुर थाना अंतर्गत हुसैन टिकरी रामपुर भगन गांव निवासी रामपटेल के परिवारीजन शनिवार सुबह वैन से अंबेडकरनगर जनपद के लिए निकले। वे सब सम्मनपुर थाना अंतर्गत कोइरी का पूरा गांव में विवाह के लिए लड़की देखने जा रहे थे। सम्मनपुर थाना अंतर्गत नैली सुबारपुर मोड़ पर पहुंचते ही पीछे से एक पिकअप वैन को ओवरटेक करते हुए निकलना चाही।
इसी बीच सामने से एक ट्रक आ गया। इससे बेकाबू हुई पिकअप ने वैन को टक्कर मार दी। जब तक चालक वैन को नियंत्रित करता, वह सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गई। घटना से मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े।
वैन में फंसे लोगों को आनन-फानन में बाहर निकाला गया। हादसे में मिथिलेश (50) पत्नी रामपटेल, धर्मेद्र (25) पुत्र रामपटेल, खुशबू (34) पत्नी संदीप कुमार व निशा (18) पुत्री हौसिला को गंभीर चोटें आईं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मिथिलेश की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर एसओ ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।