थाना क्षेत्र अंतर्गत सैदपुर भियांव में रविवार पूर्वाह्न अज्ञात कारणों से लगी आग की चपेट में आने से चार घरों का सामान पूरी तरह राख हो गया। इसमें लगभग चार लाख का नुकसान हुआ है। घटना से पीड़ित परिवारों में रोना-पीटना मचा हुआ है। रविवार पूर्वाह्न सैदपुर भियांव निवासी लाले निषाद पुत्र जीते के छप्परनुमा घर से अचानक लपटें निकलना शुरू हो गईं।
यह देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। आग की विभीषिका का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि लाले के घर से उठ रहीं लपटों ने बगल स्थित हरदेव के छप्परनुमा घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद अच्छेलाल व मुन्नेलाल के छप्परनुमा घर को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों के अथक प्रयास से लगभग एक घंटे बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक चारों घरों का सामान पूरी तरह राख हो चुका था। पीड़ितों के अनुसार आग की चपेट में आने से लगभग चार लाख रुपये का सामान जल गया। बाद में राजस्वकर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। एसडीएम विवेक मिश्र ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल को घटनास्थल की पड़ताल करने का निर्देश दिया गया है।