अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर में चार जगहों पर जल्द ही मरीजों को इलाज की सुविधा मिलने जा रही है। एक सप्ताह के भीतर इन जगहों पर आरोग्य मंदिर/हेल्थ वेलनेस सेंटर किराए पर शुरू हो जाएंगे। इसके अलावा टांडा व जलालपुर नगर में भी ऐसे तीन-तीन अस्पतालों का संचालन शुरू करने की तैयारी है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहर की मलिन बस्तियों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने के लिए 10 आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले जाने हैं। इनमें से अकबरपुर नगर में चार तो टांडा व जलालपुर में तीन-तीन अस्पतालों का संचालन होगा। स्वास्थ्य विभाग ने अकबरपुर के चार अस्पतालों के लिए अयोध्या मार्ग, जलालपुर मार्ग, पहितीपुर रोड व रेलवे लाइन के निकट मलिन बस्ती में भवन का चिह्नांकन कर लिया है। सीएमओ कार्यालय के अनुसार अकबरपुर के चारों भवनों के किराये की पत्रावली तैयार की जा रही है। किराया तय होने के साथ ही दिसंबर में ही अस्पताल के संचालन का काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा टांडा व जलालपुर में भवन की तलाश का काम तेजी से चल रहा है।
विभाग के अनुसार आयुष्मान आरोग्य मंदिर में डॉक्टर, स्टाफ नर्स, एएनएम, दो सपोर्ट स्टाफ की तैनाती की जाएगी। इससे मरीजों को प्राथमिक चिकित्सा सेवाएं, प्रसव पूर्व सेवाएं एवं टीकाकरण की सेवाएं मिलना घर के नजदीक ही शुरू हो जाएगी। यहां आने वाले समय में बीपी और शुगर की जांच के साथ ही दवाई भी दी जाएंगी।
अपर सीएमओ रामानंद सिद्धार्थ ने बताया कि आरोग्य मंदिर रविवार के दिन भी खुलेंगे। जो कर्मचारी रविवार को रहेेंगे, उनका सोमवार को अवकाश रहेगा। अप्रैल से सितंबर माह तक सुबह आठ से शाम चार बजे तक व अक्तूबर से मार्च माह तक सुबह नौ से शाम पांच बजे तक अस्पताल खोलने का समय निर्धारित है।
निकट मिलेगा इलाज
मलिन बस्ती में नए अस्पताल के संचालन से कमजोर वर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा का लाभ मिलेगा। अकबरपुर की संगीता ने बताया कि घर के निकट अस्पताल होने से टीकाकरण व अन्य इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व जिला अस्पताल की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। अयोध्या रोड निवासी महेंद्र कुमार ने कहा कि अस्पताल के संचालन से बच्चों और बुजुर्गों को दूर नहीं जाना पड़ेगा।
जल्द शुरू होगा संचालन
अकबरपुर में खुलने वाले आरोग्य मंदिर के लिए भवन का चयन कर लिया गया है। किराया प्रक्रिया आदि पूरी होने के साथ ही अस्पताल का संचालन इसी माह से शुरू कर दिया जाएगा। -डॉ. राजकुमार, सीएमओ
20जेएनडी15: नगूरां पीएचसी में लेबर रूम में खाली पड़ी कुर्सी। संवाद