पुलिस लाइन में खड़ी बरामद चोरी की बाइकें।
अंबेडकरनगर। कटका पुलिस ने मंगलवार को वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया। गैंगस्टर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 10 चोरी की बाइक बरामद की हैं। ये बाइक अयोध्या, आजमगढ़ के अलावा जिले के कई क्षेत्राें से चोरी की गईं थीं।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी हरेंद्र कुमार ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि कटका के पर्वतपुर (पिताम्बरपुर) निवासी ओमप्रकाश त्रिपाठी ने बीते दिनों बाइक चोरी का केस दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस और स्वाॅट टीम ने जांच शुरू की थी। मंगलवार को पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि बाइक चोरी का गैंग किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है।
पुलिस टीम ने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के खानपुर हुसैनाबाद में दबिश देकर गैंग के सरगना बसखारी के कौड़ही निवासी गैंगस्टर अफरोज, इरफान, मालीपुर के रुधौली माफी निवासी राजाराम गुप्ता, कटका के भगवानपुर मंझरिया (सकलफिया) निवासी सूरज को दबोच लिया। पुलिस की पूछताछ में मुख्य आरोपी व गैंग लीडर अफरोज ने बताया कि बाइक चोरी करने के बाद राजाराम कबाड़ वाले के यहां छुपा देते थे। इसके बाद आसपास के जिलों में सस्ते दामों में बेच दिया करते थे।
आजमगढ़ के कप्तानगंज, अयोध्या के गोसाईगंज के अलावा कटका और जलालपुर से चार बाइक चोरी की थीं। वहीं चोरी की अन्य छह बाइक के बारे में पूछने पर कुछ बता नहीं सके। इन सभी का पता पुलिस लगाने में जुटी है। इस मौके पर सीओ जलालपुर अनूप सिंह, थाना प्रभारी प्रेमचंद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।