भीटी (अंबेडकरनगर)। बिसुही नदी के किनारे स्थित जैतपुर खास ग्राम पंचायत में बृहस्पतिवार की देर शाम पहुंचकर डीएम अविनाश सिंह ने डियर पार्क व ईको पार्क का पूजन-अर्चन कर शिलान्यास किया। बीते दिनों डीएम ने निरीक्षण के दौरान बीडीओ कटेहरी को इस स्थान को डियर अभ्यरण्य के रूप में विकसित करने के लिए डीपीआर तैयार कराने का निर्देश दिया था।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार सिंह जिले का कार्यभार ग्रहण करने के बाद से लगातार इसे सुंदर व स्वच्छ बनाने पर पूरा फोकस कर रहे हैं। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित झीलों, तालाबों का सौंदर्यीकरण कराकर उन्हें एक नया स्वरूप देने की मुहिम शुरू करा चुके हैं। उनके इस प्रयास की जिले में सराहना भी हो रही है। अकबरपुर टांडा मार्ग पर हवाईपट्टी व लोहिया भवन चारदीवारी के पास खाली पड़ी भूमि को योगा पार्क के रूप में विकसित करने का काम भी तेजी से चल रहा है।
दीवारों पर बनी शानदार पेंटिंग व विभिन्न योगासन से जुड़ी प्रतिमाएं इन दिनों शहर में चर्चा का विषय बनीं है। इस बीच डीएम ने डियर व ईको पार्क के लिए भूमि पूजन कर डीएम ने विकास के मामले में पिछड़े भीटी क्षेत्र में विकास को गति देने की नई उम्मीद जगाई है। शिलान्यास करने पहुंचे डीएम ने कहा कि पार्क के विकसित होने से विकास के साथ ही रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इस मौके प सीडीओ अनुराज जैन, एडीएम डॉ. सदानंद गुप्त व डीडीओ वीरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।