मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट करते पूर्व सांसद रितेश पांडेय।
अंबेडकरनगर। पूर्व सांसद व भाजपा नेता रितेश पांडेय ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जलालपुर में बाईपास/रिंग रोड निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया और परियोजना को शीघ्र मंजूरी देने का आग्रह किया।
पूर्व सांसद ने बताया कि जलालपुर बाजार में दो प्रमुख जिला मार्गों के कारण नियमित जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। सुबह से देर रात तक हजारों वाहनों के आवागमन से दुकानदारों, विद्यार्थियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रितेश ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि लोक निर्माण विभाग की कार्ययोजना 2025-26 में जलालपुर के लिए बाईपास निर्माण का प्रस्ताव शामिल किया गया है। बताया कि बाईपास के निर्माण से स्थानीय व्यापार, कृषि और जनजीवन को प्रत्यक्ष लाभ जिससे क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी। भेंट के दौरान रितेश पांडेय ने जातिगत जनगणना, रोहिणी आयोग रिपोर्ट और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने सभी विषयों पर सकारात्मक विचार और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।