सद्दरपुर में संचारी रोग जाकरूकता रैली में शामिल स्वास्थ्य अधिकारी व कर्मचारी।
सद्दरपुर (अंबेडकरनगर)। संचारी रोगों से निपटने के लिए मंगलवार को कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के तत्वावधान में सद्दरपुर में जागरूकता रैली निकली। इस दौरान लोगों को संचारी रोगों के फैलने के कारण, उसके लक्षण व बचाव के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में गोष्ठी का भी आयोजन हुआ। अपील की गई कि जागरूक होकर ही संचारी रोगों के फैलने से रोका और बचा जा सकता है।
जागरूकता रैली का शुभारंभ राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आभास कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। कहा कि संचारी रोग ज्यादातर गंदगी के चलते फैलते हैं। इसलिए सफाई अत्यंत जरूरी है। इस प्रकार के रोग पेयजल व अधपके भोजन के सेवन से भी होते हैं। ऐसे में शुद्ध पेयजल का प्रयोग करना चाहिए। भोजन ठीक से पकाकर खाएं। रैली में शामिल डब्लूएचओ कर्मचारी के अलावा डॉ. शिवरतन, डॉ. विजय, डॉ. दिलकश, डॉ. दिलशाद आरिफ, डॉ. पूजा शुक्ला ने लोगों से संचारी रोगों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। इससे पहले पहले कॉलेज में गोष्ठी का आयोजन हुआ। इसमें उप प्रधानाचार्य डॉ. उमेश वर्मा, सीएमएस डॉ. मुकुल सक्सेना, डॉ. विवेक श्रीवास्तव ने संचारी रोगों के फैलने के कारण, व उससे बचाव के बारे में जानकारी दी।