फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: सुबह कोहरा, दिनभर चलीं सर्द हवाएं

Fri, 03 Jan 2025 11:40 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अम्बेडकरनगर
विज्ञापन
कोहरे के बीच हेडलाइट जलाकर निकलते वाहन।
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। सर्द हवाओं के बीच छाए घने कोहरे से शुक्रवार को समूचा जनपद ठिठुरता रहा। सुबह लगभग 10 बजे तक छाए कोहरे के चलते लोगों को सड़क पर लाइट जलाकर वाहन चलाने को मजबूर होना पड़ा। कोहरा छटने के बाद भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली। पूरे दिन धूप न निकलने व सर्द हवा चलने से आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 12 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विज्ञापन


शुक्रवार सुबह जब लोग सोकर उठे तो समूचा जिला घने कोहरे की चादर से ढका मिला। सर्द हवाएं भी चल रही थीं। ठंड से बचने के लिए लोग जहां-तहां दुबके मिले। सुबह के समय जो लोग वाहन लेकर घर से बाहर निकले, उन्हें घने कोहरे के चलते लाइट जलाकर चलने को मजबूर होना पड़ा। कोहरे का आलम यह था कि चंद कदम की दूरी पर मौजूद लोग नहीं दिख रहे थे।

10 बजे के बाद कोहरा तो कम हुआ, लेकिन सर्द हवा चलने एवं धूप न निकलने से ठंड का प्रकोप जारी रहा। इसका प्रतिकूल प्रभाव निजी व सरकारी कार्यालयों में भी दिखने को मिला। ज्यादातर कर्मचारी विलंब से कार्यालय पहुंचे। इसी प्रकार खराब मौसम के चलते लोगों ने बाजारों का रुख नहीं किया। इससे अकबरपुर नगर की शहजादपुर, बस स्टेशन के अलावा टांडा, जलालपुर, बसखारी, रामनगर, भीटी समेत अन्य बाजारों में लगभग पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा।
विज्ञापन


अलाव की बढ़ाई जाए संख्या

तेजी से गिरते तापमान के बीच शुक्रवार को लोग जगह जगह ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते दिखे। कई स्थानों पर लोगों ने स्वयं ही अलाव की व्यवस्था की। अकबरपुर नगर के अयोध्या मार्ग निवासी रईस अहमद, शहाब परवेज, राकेश जासवाल, निखिल कुमार, गोलू जायसवाल ने कहा कि अलाव की संख्या काफी कम है। अयोध्या मार्ग पर सिर्फ एक स्थान पर ही नगर पालिका ने अलाव की व्यवस्था की है। हम लोगों को ऐसे में खुद ही इसकी व्यवस्था करनी पड़ी। इसी प्रकार टांडा, जलालपुर, इल्तिफातगंज, अशरफपुर किछौछा, जहांगीरगंज व राजेसुल्तानपुर में भी लोगों ने अलाव की संख्या बढ़ाए जाने की मांग की।

ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे बच्चे

ठंड को देखते हुए परिषदीय विद्यालयों में 15 दिन का शीतकालीन अवकाश चल रहा है, लेकिन ज्यादातर निजी स्कूल अभी भी संचालित हैं। शुक्रवार को घने कोहरे के बीच ठंड से ठिठुरते हुए बच्चों को स्कूल जाना पड़ा। अकबरपुर नगर के तमसा मार्ग स्थित ज्यादातर स्कूल खुले हुए हैं। बच्चों को स्कूल छोड़कर वापस हुए शहजादपुर के विनय कुमार ने कहा कि स्कूलों की मनमानी पर रोक लगनी चाहिए। एक अन्य अभिभावक अनूप कुमार ने कहा कि ठंड में स्कूल जाने से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़

सकता है। जलालपुर नगर के इरफान व अनिल ने कहा कि ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन को स्कूलों में अवकाश घोषित कर देना चाहिए।

साथ ही इसका सख्ती से पालन भी कराना चाहिए।

किसानों की बढ़ी चिंता

सर्द हवाओं व घने कोहरे ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों का कहना है कि जिस प्रकार का मौसम है, उससे फूल वाली फसलों को जहां नुकसान हो सकता है तो वहीं आलू की फसल भी खराब हो सकती है। भीटी के रामबख्श सिंह ने कहा कि इसी प्रकार का मौसम आगे भी रहा तो सरसों, मटर के फूलों के गिरने की संभावना है। ऐसा होने से उपज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। अकबरपुर के प्रदीप वर्मा ने कहा कि आलू की फसल को पाला पड़ने की संभावना है। इससे आलू सड़ सकता है। बसखारी के लालजी व अमेदा के महेश शर्मा ने कहा कि यह मौसम गेहूं की फसल के लिए तो लाभदायक है, लेकिन फूल वाली फसलों के लिए हानिकारक है।

स्कूलों में आज रहेगा अवकाश

अंबेडकरनगर। शीतलहरी को देखते हुए डीएम अविनाश सिंह ने शनिवार को सभी बोर्ड के 8वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। डीआईओएस गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि चार जनवरी को स्कूलों में अवकाश रहेगा। छह जनवरी को स्कूल खुलेंगे। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों से इसका सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। चेतावनी दी कि यदि इस दौरान कोई स्कूल खुला मिला तो कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें