अंबेडकरनगर। उपचुनाव में आदर्श अचार संहिता का पालन कराने को गठित टीम ने मंगलवार को बगैर कागजात के ले जाए जा रहे साढ़े नौ लाख रुपये जब्त कर लिए। अब आयकर विभाग की टीम इसे लेकर आगे की जांच करेगी। इसके बाद इसमें अंतिम निर्णय होगा।
कटेहरी में हो रहे विधानसभा उपचुनाव को लेकर गठित उड़नदस्ता टीम प्रभारी श्रीनिवास व दरोगा सुदामा यादव ने भीटी के चनहा चौराहे के पास एक कार को जांच के लिए रोका। इस दौरान अयोध्या जनपद के इनायत नगर थाना के पहाड़पुर निवासी अमित कुमार प्रजापति के पास से नौ लाख 50 हजार रुपये बरामद हुए। रकम से संबंधित जरूरी कागजात मुहैया नहीं कराया जा सका। इस पर टीम ने जांच के लिए रकम जब्त कर ली।