अंबेडकरनगर। रेलयात्रियों की मुश्किलें लगातार जारी हैं। रविवार को जहां पांच ट्रेनें निरस्त रहीं, वहीं पांच अन्य ट्रेनें घंटों विलंब से अकबरपुर स्टेशन पहुंचीं। एकसाथ पांच ट्रेनों के निरस्त होने से 35 यात्रियों को आरक्षित टिकट रद्द कराने को मजबूर होना पड़ा। उधर खराब मौसम के बीच ट्रेनों के निरस्त होने व विलंब से चलने से यात्रियों को विभिन्न मुश्किलों का सामना करना पड़ा। यात्रियों का कहना था कि जब हर साल ठंड के मौसम में यह समस्या होती है, तो इसके निस्तारण के लिए रेलवे प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए थे।
ट्रेनों के निरस्त होने व विलंब से चलने का सिलसिला दूर होने का नाम नहीं ले रहा है। शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरता हो, जब ट्रेन के निरस्त होने व घंटों विलंब से चलने की जानकारी यात्रियों को न दी जाती हो। रविवार को भी जहां पांच ट्रेनें निरस्त रहीं, वहीं पांच अन्य ट्रेनें घंटों विलंब से चलीं। अकबरपुर स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार सुबह 10:25 बजे आने वाली इंटरसिटी डाउन व शाम 04:49 बजे आने वाली इंटरसिटी अप एक्सप्रेस ट्रेन के निरस्त होने की जानकारी यात्रियों को दी गई।
रात 08:30 बजे आने वाली गंगा सतलज डाउन, देर रात 01:20 बजे आने वाली कोलकाता डाउन व सुबह 05:26 बजे आने वाली जम्मूतवी अप एक्सप्रेस ट्रेन के भी निरस्त होने की जानकारी यात्रियों को दी गई। एकसाथ पांच ट्रेनों के निरस्त होने से एक तरफ जहां 35 यात्रियों को आरक्षित टिकट रद्द कराना पड़ा, वहीं संबंधित ट्रेन से यात्रा करने वालों को गंतव्य तक जाने के लिए दूसरी ट्रेन का सहारा लेने को मजबूर होना पड़ा।
अकबरपुर रेलवे स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार राजेंद्रनगर टर्मिनल डाउन एक्सप्रेस ट्रेन निर्धारित समय पूर्वाह्न 11:35 बजे से साढ़े छह घंटे, तो वाराणसी पैसेंजर डाउन ट्रेन निर्धारित समय शाम 04:40 बजे से तीन घंटे देरी से पहुंची। वाराणसी पैसेंजर अप ट्रेन सुबह 07:05 बजे से डेढ़ घंटा, गंगा सतलज अप एक्सप्रेस ट्रेन सुबह 08:47 बजे से डेढ़ घंटा व साबरमती अप एक्सप्रेस ट्रेन निर्धारित समय शाम 05:09 बजे से डेढ़ घंटा विलंब से अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। पांच ट्रेन के घंटों विलंब से चलने के कारण यात्रियों को खराब मौसम के बीच विभिन्न मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
पांच ट्रेनों के निरस्त होने व पांच के विलंब से चलने से यात्रियों में नाराजगी व्याप्त हो गई। अकबरपुर स्टेशन पर मिली यात्री रेशमा, प्रिया व सुमित्रा ने कहा कि रेलवे प्रशासन का ध्यान सिर्फ रेल किराया बढ़ाने पर ही रहता है। व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की तरफ ध्यान नहीं है। अमजद व सुधीर ने कहा कि जब प्रत्येक वर्ष ठंड के मौसम में घने कोहरे का प्रकोप रहता है, तो इसे देखते हुए रेलवे प्रशासन को ऐसी कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए जिससे ट्रेनों का संचालन सुचारु रूप से हो सके।
अकबरपुर रेलवे स्टेशन के अधीक्षक जयप्रकाश ने बताया कि खराब मौसम के चलते ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। यात्रियों को गंतव्य तक जाने में किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए समय रहते ट्रेनों की स्थिति के बारे में यात्रियों को जानकारी दे दी गई थी।