सर्किल रेट में वृद्धि के चलते रजिस्ट्री कराने पर अब अधिक दर के स्टांप लगेंगे। इससे लोगों पर अधिक बोझ पड़ेगा।
अच्छे दिन का सपना संजोए जिले के लोगों को शनिवार एक अगस्त से महंगाई का एक और झटका लगा है। कमरतोड़ महंगाई के बीच अब एक अगस्त से सर्किल रेट में वृद्धि कर दी गई है।
इससे भूमि खरीदने वालों को अब अधिक धनराशि चुकानी पड़ेगी। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार एक अगस्त से संपत्ति मूल्यांकन नियमावली 1997 के तहत ग्रामीणांचल, नगरीय व अर्द्ध नगरीय क्षेत्रों में बैनामा कराने वालों को पांच प्रतिशत से 30 प्रतिशत तक अधिक मूल्य चुकाना होगा।
इससे किसी के लिए भूमि खरीदना अब ज्यादा खर्चीला होगा। सर्किल रेट में वृद्धि पर आम लोगों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि शासन को आम लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के फैसले लेने चाहिए थे। मूल्यवृद्धि का सीधा प्रभाव आमजन पर पड़ेगा।
अकबरपुर के राजितराम व शंभूनाथ ने कहा कि एक तो पहले से ही भूमि का बैनामा कराना काफी महंगा था। ऊपर से पांच से 30 प्रतिशत मूल्यवृद्धि होने के बाद भूमि का बैनामा कराना और भी महंगा हो जाएगा। प्रशासन को आमजन के हितों को ध्यान में रखते हुए ऐसे फैसले लेने चाहिए।
जलालपुर के नईम अंसारी व टांडा के अखिलेश सिंह ने कहा कि शासन को आमजन की कोई परवाह नहीं है। सर्किल रेट में वृद्धि का सीधा प्रभाव आमजन पर पड़ेगा। सबसे अधिक प्रभाव मध्यवर्गीय लोगों पर पड़ेगा। उन्होंने वृद्धि को वापस लेने या फिर इसमें कमी की मांग की।
उप निबंधन अधिकारी संतोष सिंह ने बताया कि डीएम के निर्देश पर एक अगस्त से सर्किल रेट में वृद्धि की गई है। बताया कि विभिन्न क्षेत्रों के अनुसार बैनामे की राशि में पांच से 30 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है।