कटेहरी (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र के प्रसिद्ध शिवबाबा धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य किए जा रहे हैं। परिक्रमा मार्ग, प्रवेश द्वार का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। इससे करीब पांच हजार श्रद्धालु एक साथ दर्शन व परिक्रमा कर सकेंगे। इसके साथ ही आकस्मिक निकासी गेट का निर्माण भी होगा।
अब तक धाम में 11 फीट चौड़ा परिक्रमा मार्ग ही था, जिस पर एक समय में करीब 1500 श्रद्धालु ही दर्शन कर पाते थे। भीड़ बढ़ने पर यहां आवाजाही प्रभावित होती थी। मंदिर प्रबंधन ने इसे देखते हुए परिक्रमा मार्ग को 25 फीट चौड़ा करने का निर्णय लिया है। इसके बाद करीब पांच हजार श्रद्धालु एक साथ आराम से परिक्रमा और दर्शन कर सकेंगे। इससे श्रद्धालुओं की भीड़ का दबाव काफी हद तक कम होगा। विस्तारित परिक्रमा मार्ग के दोनों ओर स्टील की रेलिंग लगाई जाएगी। रेलिंग के किनारे फूलों के पौधे भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा शिवबाबा धाम के प्रवेश द्वार को 21 फीट चौड़ा किया जा रहा है। अब तक यह केवल 11 फीट ही चौड़ा था। इसके अतिरिक्त आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पांच फीट चौड़ा एक अतिरिक्त गेट भी तैयार किया जा रहा है। शिवबाबा धाम के मुख्य पुजारी ओमप्रकाश गोस्वामी ने कहा कि नवरात्र से पहले सभी विकास कार्य पूरे हो जाएंगे। संवाद
डिजिटल स्क्रीन पर होगा आरती का प्रसारण
धाम परिसर के भीतर श्रद्धालुओं को आरती दर्शन की विशेष सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके लिए दो बड़े डिजिटल स्क्रीन लगाए जाएंगे। स्क्रीन पर आरती का सीधा प्रसारण होगा, जिससे श्रद्धालु कहीं से भी खड़े होकर आरती का दर्शन कर सकेंगे। यह व्यवस्था खासतौर पर उन भक्तों के लिए उपयोगी होगी, जो भीड़ के कारण आरती स्थल तक नहीं पहुंच पाते हैं।