अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामसभा घाघूपुर में बदहाल मार्ग। संवाद
अंबेडकरनगर। अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र में त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत पांच ग्रामीण मार्गों के नवनिर्माण को स्वीकृति मिली है। इन सड़कों के बनने से कई गांवों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी और आवागमन आसान होगा। कुल 1.73 करोड़ रुपये की लागत से इन सड़कों का कायाकल्प होगा।
स्वीकृत कार्यों में अकबरपुर-दोस्तपुर मार्ग से अहेथिया किशुनीपुर के लाल का पुरवा तक सड़क निर्माण शामिल है। इस कार्य पर 48.68 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा ग्रामसभा डोमिनेपुर से सिझौलिया तक संपर्क मार्ग का निर्माण 32 लाख रुपये से कराया जाएगा। राजस्व ग्राम सैदपुर भीतरी में पिच मार्ग से खंडवा पुरवा तक सड़क के लिए 27.18 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, ग्रामसभा रामपुर जयसिंह में हरथुआ तालाब से उच्च प्राथमिक विद्यालय तक संपर्क मार्ग का निर्माण 39.23 लाख रुपये की लागत से होगा।
ग्रामसभा घाघूपुर में अभिषेक के घर से रग्घुपुर में लल्लू यादव के खेत तक मार्ग के निर्माण के लिए 26.26 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय ने बताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।