अंबेडकरनगर। भोजन करने के बाद पैसा मांगने पर ढाबा संचालक की पिटाई करने के आरोप में एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने अलीगंज थाने के पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। प्रकरण की विस्तृत जांच सीओ टांडा कर रहे हैं। एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को सख्त हिदायत दी है कि यदि कोई भी आचरण के अनुरूप कार्य नहीं करेगा तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अलीगंज थाना क्षेत्र के चकआसोपुर निवासी संदीप यादव ने शनिवार को एसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई थी। बताया कि वह परिवार के जीविकोपार्जन के लिए सेम्हरिया चौराहे पर ढाबा चलाता है। शुक्रवार की रात अलीगंज थाने के कुछ सिपाही उसके ढाबे पर भोजन करने के लिए आए। खाना खाने के बाद जब उसने पैसे मांगे तो सिपाही उसे धमकाते हुए गालीगलौज करने लगे। उसने जब विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। इससे उसे चोटें आ गईं।
स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से किसी तरह विवाद शांत हो सका। इसके बाद पीड़ित ने अलीगंज थाने में मामले की तहरीर दी, परंतु पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद शनिवार को पीड़ित परिवार के साथ पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार सिन्हा के पास पहुंचा और मामले की जानकारी दी।
एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अलीगंज थाने के यूपी डायल 112 में तैनात मुख्य आरक्षी राजेश यादव, मुख्य आरक्षी शिवेंद्र सिंह, सिपाही रंजय यादव, सिपाही इंद्रपाल यादव व टांडा कोतवाली में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर मंजीत यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मामले की जांच सीओ टांडा संतोष कुमार को सौंपी है। कहा कि यदि कोई भी पुलिसकर्मी मर्यादित आचरण नहीं करेगा तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।