अंबेडकरनगर। जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल मेें भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर देख एक को प्राथमिक उपचार के बाद केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
बसखारी थाना क्षेत्र के किछौछा निवासी मेराज (30) शनिवार को दोपहर बाइक से अकबरपुर जा रहा था। बताया जाता है कि बरियावन बाजार के निकट पहुंचने पर उधर से गुजर रही पिकअप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया। भीटी निवासी रामराज (65) शनिवार को सुबह घर के निकट सड़क पार करने के दौरान बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के इमामबाग निवासी सुशील कुमार (36) शुक्रवार देर शाम बाइक से बेवाना से घर जाते समय मोहल्ले के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया।
बसखारी थाना क्षेत्र के मसड़ा निवासी गीतांजलि (55) सुबह घर के पास सड़क पार करने के दौरान बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गईं। हंसवर थाना क्षेत्र के भूलेपुर निवासी मुमताज (26) सुबह बाइक से टांडा जते समय नगर के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि हादसे के शिकार हुए बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।