विभिन्न मार्ग दुर्घटनाओं में एक वृद्ध समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, हालत गंभीर होने पर वृद्ध को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। किसी भी बाइक सवार घायल ने हेलमेट नहीं पहना था।
थाना क्षेत्र अकबरपुर अंतर्गत मीरानपुर मोहल्ला निवासी रामतीरथ (75) पुत्र जग्गू सोमवार सुबह घर के निकट सड़क पार करते समय जीप की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवारीजनों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, हालत की गंभीरता को देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
इसी थाना अंतर्गत कटरिया याकूबपुर निवासी जसवंत कुमार (35) पुत्र गिरिजाशंकर रविवार देर शाम बाइक से अकबरपुर आते समय नगर के निकट पहुंचने पर एक अन्य बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं, सम्मनपुर थाना अंतर्गत सम्मनपुर बाजार निवासी राजबली (30) पुत्र बृजभूषण सोमवार सुबह बाइक से जलालपुर जाते समय नगर के निकट पहुंचने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे पहले सीएचसी नगपुर फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसी थाना अंतर्गत कुर्कीबाजार निवासी चंद्रशेखर (35) पुत्र नंदलाल रविवार देर शाम सम्मनपुर बाजार से बाइक से घर जाते समय गांव के निकट पहुंचने पर पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उधर, अकबरपुर थाना अंतर्गत बनगांव निवासी लालजी (28) पुत्र हीरालाल सोमवार सुबह बाइक से अकबरपुर आते समय नगर के निकट पहुंचने पर एक बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी बाइक सवार घायलों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।