अंबेडकरनगर। अलग-अलग मार्ग हादसों में पांच लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक की हालत गंभीर होने पर प्रारंभिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया। बाइक सवार घायलों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
पड़ोसी जनपद अयोध्या के गोशाईगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गोशाईगंज निवासी राकेश कुमार (35) पुत्र अजय कुमार रविवार सुबह बाइक से अकबरपुर आते समय अहिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत खेमापुर मोड़ के निकट जीप की टक्कर लगने से घायल हो गया। स्थानीय इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत की गंभीरता को देखते हुए प्रारंभिक इलाज के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।
वहीं, टांडा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ज्योति अफजल गांव निवासी चंद्रदेव (32) पुत्र सीताराम शनिवार देर शाम बाइक से टांडा से घर जाते समय गांव के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया। अलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डड़वा गांव निवासी विमला देवी (50) पत्नी महेंद्र रविवार सुबह उस समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई, जब वह घर के निकट सड़क पार कर रही थी।
उधर, इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवा निवासी अजय (45) पुत्र रामपूजन रविवार सुबह बाइक से टांडा जाते समय नगर के निकट पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया। हंसवर थाना क्षेत्र अंतर्गत हंसवर निवासी शमशेर (50) पुत्र हरदीन शनिवार देर शाम बाइक से टांडा से घर जाते समय बाजार के निकट जीप की टक्कर लगने से घायल हो गया। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार घायलों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।