विभिन्न मार्ग दुर्घटनाओं में एक वृद्ध समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां एक की हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। बाइक सवार घायलों ने हेल्मेट नहीं लगा रखा था। महरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत महरुआ निवासी गजराज (68) गुरुवार सुबह घर के निकट सड़क पार करते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
उन्हें जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। इसी थाना क्षेत्र अंतर्गत चक्रसेनपुर गांव निवासी धर्मेंद्र (18) बुधवार देर शाम बाइक से महरुआ से घर जाते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से घायल हो गया। वहीं, अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुबारकपुर डइयाडीह निवासी अजहरुद्दीन (20) बुधवार देर शाम बाइक से घर जाते समय बाइक की टक्कर से घायल हो गया।
उधर, अहिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत अशरफपुर निवासी परवेज आलम (24) गुरुवार को बाइक से अकबरपुर आते समय पिकअप की टक्कर से घायल हो गया। वहीं, अकबरपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर निवासिनी मायादेवी (35) गुरुवार सुबह घर के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।