अंबेडकरनगर। खुरपका व मुंहपका जैसी जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए 15 जुलाई से विशेष टीकाकरण अभियान चलेगा। 31 जुलाई तक चलने वाले अभियान में लगभग साढ़े पांच लाख पशुओं को टीका लगाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए 23 टीमें गठित की गई हैं। इसके साथ ही छह एंबुलेंस को भी अलर्ट मोड में कर दिया गया है, जिन्हें इमरजेंसी में प्रयोग किया जा सकेगा।
बरसात के मौसम में पशुओं में मुंहपका व खुरपका जैसी जानलेवा बीमारियां होने की संभावना अधिक होती है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य निदेशालय के निर्देश पर 15 जुलाई से विशेष टीकाकरण अभियान चलेगा। 31 जुलाई तक चलने वाले अभियान को सफल बनाने के लिए 23 टीमें गठित की गई हैं। जिला पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय के अनुसार तीन सदस्यीय टीम में पशुधन प्रसार अधिकारी, पैरावेट व वैक्सीनेटर शामिल हैं।
पांच लाख 45 हजार 500 सौ पशुओं को टीका लगाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए टीम डोर टू डोर जाएगी। न सिर्फ पशुओं को टीका लगाएगी बल्कि पशुपालकों को बीमारी से पशुओं को बचाने के लिए जागरूक भी करेगी। इसके साथ ही छह एंबुलेंस को भी अलर्ट मोड में कर दिया गया है। इमरजेंसी पड़ने पर एंबुलेंस पशुपालक के घर पहुंचकर पशुओं का इलाज सुनिश्चित करेगी।