अंबेडकरनगर। अहिरौली इलाके में पांच दिन पूर्व असलहे के बल पर तीन लोगों से मोबाइल व नकदी लूट का बुधवार को पुलिस ने खुलासा कर गैंग के सदस्य आंशिक सिंह व चोरी की मोबाइल बेचने वाले वीरू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनके पास से लूट का एक मोबाइल व घटना को अंजाम देने में प्रयोग की गई बाइक को बरामद कर लिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी हरेंद्र कुमार ने बताया कि महरुआ के धनेपुर निवासी आंशिक सिंह लोगों से मोबाइल लूटकर उनको सस्ते दाम में बेच देता था। 29 अगस्त की रात गैंग के सदस्य शिवम, धूरिया, गोविंद, कट्टर उर्फ अवधेश, अभिषेक के साथ सेनपुर भगोला नगर के पास अपने दोस्त का बर्थडे मनाने गए थे। वहां सभी ने शराब पी। इसके बाद कोड़रा निवासी पशुमित्र शिव शंकर वर्मा के कनपटी पर असलहा सटाकर टिकुलीगंज हरिपुर शारदा नहर के पास मोबाइल व रुपये लूट लिए थे। हरिपुर निवासी राजेंद्र प्रजापति से गांव के निकट नहर पर रोक कर लूट की थी। पिलखांवा निवासी सुनील मौर्या से मोबाइल व पांच हजार रुपये लूटे थे। मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी व उनके टीम के सदस्यों ने पुलिस ने आंशिक को सेनपुर भगोला के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया के मोबाइल को वह अकबरपुर के शहजादपुर स्थित एक मोबाइल की दुकान पर काम करने वाले वीरू की मदद से बेच देता था। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर वीरू को भी गिरफ्तार कर लिया। आंशिक सिंह के खिलाफ महरुआ में एक, अहिरौली में दो और अकबरपुर में चार आपराधिक केस दर्ज हैं। एएसपी ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।