संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। आलापुर में जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से फायरिंग और तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस अधीक्षक के आदेश पर एक होमगार्ड और उसके छह साथियों के खिलाफ दंगा फैलाने सहित अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। जैतपुर के किशुनपुर कबिरहागांव निवासी राकेश दुबे के मुताबिक आलापुर के खरगूपुर में उनकी जमीन है।
राजस्व टीम ने इसकी हदबरारी के बाद पत्थर लगवाए। 12 मार्च 2026 को सुबह लगभग आठ बजे होमगार्ड नरेंद्र देव यादव अपने भाई सुरेंद्र यादव साथी बबलू मिश्रा व तीन अज्ञात साथियों के साथ लाठी-डंडे व असलहे से लैस होकर पहुंचे। अवैध असलहे से राकेश पर जानलेवा हमला किया, हालांकि ईंट की ठोकर लगने से वह नीचे गिर गए और उनकी जान बच गई।
इसके बाद आरोपियों ने उनकी तीन फिट ऊंची पक्की दीवार गिरा दिया। इसकी जहांगीरगंज थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी, लेकिन नरेंद्र के दरोगा भाई इंद्रेश के प्रभाव में पुलिस ने उनकी प्राथमिकी नहीं दर्ज की। थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि एसपी के आदेश पर एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है।