आलापुर/हजपुरा/बसखारी (अंबेडकरनगर)। आग से विभिषिका दौर सोमवार को भी नहीं रुका। अलग-अलग घटनाओं में 72 बीघा से अधिक फसल जलकर राख हो गई तो वहीं एक गांव के चार घर में आग लग गई। इसमें चार मवेशियों की जलकर मौत हो गई तो वहीं साइकिल समेत कई घरेलू सामग्री भी जल गया। आग के इन हादसों में 20 लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।
आग का विकराल रूप सोमवार को भी सामने आया। भीटी थाना क्षेत्र के सया गांव में रामतीरथ के छप्परनुमा घर में दोपहर बाद अज्ञात कारणों से आग लग गई। इससे उनकी पशुशाला में बंधी चार बकरियां जिंदा जल गईं जबकि छह अन्य को किसी तरह बचा लिया गया। रामतीरथ की एक साइकिल व कई अन्य घरेलू सामान भी जल गए। बगल स्थित रामतीरथ के पुत्र रामू के कच्चे घर को भी आग ने चपेट में ले लिया।
आग की लपट पड़ोसी श्यामलाल के घर को खाक करने के साथ ही उनके बेटे दीपू के घर तक भी पहुंच गई। चारों ग्रामीणों की तमाम घरेलू सामग्री व सामान आग की भेंट चढ़ गए। नायब तहसीलदार भीटी कौशलकांत मिश्र ने राजस्व कर्मियों के साथ मिलकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और समुचित मदद का भरोसा दिलाया।
जलालपुर कोतवाली के पंथीपुर गांव में सोमवार दोपहर आग लगने से अनिरुद्ध तिवारी, मनोज तिवारी, राजेश तिवारी, शिवकुमार, कृपाशंकर, महादेव वर्मा समेत कई अन्य किसानों का दस बीघा गेहूं जलकर नष्ट हो गया। आलापुर के सरावा गांव में बिजली शाॅर्ट सर्किट से लगी आग में इमरान व मदन का दस बिस्वा गेहूं जल गया तो वहीं सम्मनपुर थाना क्षेत्र के बलुआ बहादुरपुर में कंबाइंड मशीन से निकली चिंगारी में दो बीघा फसल जलाकर खाक कर दी।
विकास खंड टांडा के नैपुरा माझा में अज्ञात कारणों से लगी आग से 50 बीघा गेहूं की फसल जल गई। इसमें रामजनम, जियावन, रामलखन, राजाराम, दोस्त मोहम्मद, प्रेमनाथ, पीर मोहम्मद, सुग्रीव, बंशीलाल व निर्मला आदि शामिल हैं। यहां ग्रामीणों द्वारा आग बुझाने के काफी देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। ग्रामीणों ने टीम के सामने हंगामा किया। फायर कर्मियों ने उन्हें समझाया कि 45 मिनट तक रेलवे क्रासिंग बंद रहने से उन्हें पहुंचने में विलंब हुआ।
बसखारी थाना क्षेत्र के भिदूड़ गांव में सोमवार दोपहर बाद एक बजे करीब गेहूं के खेत में अचानक आग लग गई। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक रामदीन, वासुदेव, राजेंद, आमिना, सरफराज, माहेआलम, संदीप, अनिल, गुलाब देवी व जगदंबा आदि की लगभग 10 बीघा गेहूं की फसल जल गई। यहां सूचना देने के बाद भी फायर ब्रिगेड टीम समय से नहीं पहुंच सकी।