अकबरपुर के चंदनपुर गांव में आग लगने के बाद उठती लपटें।
अंबेडकरनगर। शनिवार की रात और रविवार को छह अग्निकांडों में 30 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इससे किसानों को करीब नौ लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
अकबरपुर के अखईपुर के ग्रामीणों का रजत डिग्री कॉलेज चंदनपुर के पास खेत है। शनिवार रात नौ बजे के करीब किसान सुरेश के गेहूं के खेत में अज्ञात कारण से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने डेढ़ बीघा गेहूं की फसल को राख कर दिया। इसके बाद आग ने पराना देवी के खेत को अपनी चपेट में ले लिया।
चार ट्रैक्टर लगाकर खड़ी फसल जोती गई और करीब एक घंटे बाद काबू पाया जा सका। ग्रामीणों का आरोप है कि दमकल वाहन विलंब से पहुंचा। जहांगीरगंज संवाद के मुताबिक बीरखेत में रविवार को एचटी लाइनों के टकराने से निकली चिंगारी से गेहूं के खेत में आग लग गई। इसके अलावा आग से गांव के राजेंद्र यादव की करीब सात बीघा, रमेश यादव की चार बीघा, पूजन व सतपाल आदि किसानों की करीब 13 बीघा फसल जलकर राख हो गई। सुलेमपुर संवाद के मुताबिक बसखारी के जल्लापुर के ऊंचहुआ में शॉर्ट सर्किट से रविवार दोपहर साबुकपुर के विक्रम बहादुर सिंह के खेत में आग की लपटें उठने लगीं। यह देख ग्रामीण आनंद सिंह ने डायल 112 पर फोन कर सूचना दी।
आग से विक्रम बहादुर सिंह का चार बीघा, जल्लापुर निवासी जगदंबा सिंह का लगभग दो बीघा, ग्राम प्रधान प्रदीप सिंह दो बीघा सहित आठ बीघा फसल जलकर राख हो गई। इसके अलावा भीटी के भगवतीपुर, पांडेय के पूरा और अकबरपुर के मखदूमपुर में आग ने किसानों की साल भर की मेहन को जलाकर राख कर दिया। अग्निशमन अधिकारी द्वितीय सचिन शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही वाहन को रवाना कर दिया गया था।