अंबेडकरनगर। अकबरपुर क्षेत्र के जाफरगंज चौराहे स्थित आभूषण की दुकान से करीब 4.50 लाख रुपये के सोने के जेवर पार करने के मामले में पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना के दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से आरोपियों की पहचान का प्रयास कर रही है।
शहजादपुर निवासी आभूषण कारोबारी वीरेंद्र सेठ की तहरीर के अनुसार बुधवार दोपहर करीब दो बजे दो युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे थे। दोनों ने काफी देर तक जेवर देखे और चांदी की पायल का पर्चा बनवाने की बात कहते हुए दो हजार रुपये दिए। इसके बाद कुछ देर में लौटने की बात कहकर चले गए। दुकान पर मौजूद उनके बेटे विश्वनाथ सोनी को युवकों की गतिविधि संदिग्ध लगी तो जेवर की गिनती कराई गई। इस दौरान करीब 40 ग्राम सोने के जेवर से भरा एक डिब्बा गायब मिला।
कारोबारी ने आसपास तलाश की, लेकिन दोनों युवक नहीं मिले थे। एएसपी पश्चिमी हरेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।