अंबेडकरनगर। अकबरपुर इलाके में एक माह पहले किशोरी से हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। मामले में कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने एक माह बाद दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
क्षेत्र के एक गांव की महिला के अनुसार उनकी 16 वर्षीय बेटी तीन मई की शाम को खेत में शौच करने गई थी। वहां पहले से मौजूद सोनगांव के विशाल निषाद और पिंटू किशोरी का मुंह बंद कर उसे खेत में ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता की मां ने चौकी, कोतवाली और पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर पीड़िता ने न्यायालय में वाद दायर किया। इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।