बलरामपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र में दिपवा बाग के पास प्लाॅटिंग की देखभाल कर रहे एक वृद्ध को दबंगों ने पीट दिया। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को जिला मेमोरियल चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। वृद्ध के बेटे की तहरीर पर नगर कोतवाली में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
मोहल्ला पहलवारा निवासी संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि उनके 80 वर्षीय पिता तीरथ राम वर्मा दिपवा बाग के निकट चल रहे प्लाॅटिंग कार्य की देख रेख करते थे।
यह प्लाॅट नारायणी शाह व पूजा सिंह का है। रविवार को वहां नाली का निर्माण कराया जा रहा था। इस बीच कोटिया निवासी नफीस, नौमान सिद्दीकी व रेहान सिद्दीकी डंडा लेकर पहुंच गए। प्लाॅट के पास घूमता देख तीरथ राम ने रोका तो नाराज हो गए और तीरथ राम को डंडे से पीटकर लहूलुहान कर दिया।
सूचना पर संतोष भी घटना स्थल पर पहुंच गए और पिता की जान बचाई। भागते समय दबंगों ने जान से मारने की धमकी भी दी। प्रभारी निरीक्षक नगर कोतवाली विमलेश कुमार सिंह ने बताया कि संतोष की तहरीर पर नफीस, नौमान व रेहान के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।