अंबेडकरनगर। अकबरपुर क्षेत्र में प्रतिष्ठित कंपनियों के नकली इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की बिक्री का मामला सामने आया है। शहजादपुर में स्थित दो इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर नकली एंकर ब्रांड के उत्पादों को बेचने की शिकायत के बाद कंपनी के मैनेजर की तहरीर पर दोनों दुकानदारों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दिल्ली के महरौली थाने के सैदुल्लाजाब स्थित लांसर्स नेटवर्क लिमिटेड के मैनेजर सुनील कुमार को लंबे समय से अकबरपुर-शहजादपुर में पैनासोनिक लाइफ सॉल्यूशंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के एंकर ब्रांड के नकली उत्पादों की बिक्री की सूचना मिल रही थी। वह बृहस्पतिवार की शाम इन दुकानों पर पहुंचे, जहां उन्हें नकली उत्पादों की बिक्री की पुष्टि हुई। इसके बाद दोनों दुकानदारों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस टीम के साथ बृहस्पतिवार की शाम को शहजादपुर स्थित डीएम इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर दबिश दी। इस दौरान दुकान से एंकर ब्रांड के 58 पीस नकली फैन रेगुलेटर और छह पीस 6 एमएम टॉप प्लेट बरामद किए गए।
इसके बाद पुलिस ने मशीनरी मार्केट निकट एसबीआई बैंक अकबरपुर में स्थित शिमला इलेक्ट्रिक दुकान पर भी दबिश दी। दुकान से एंकर ब्रांड के 10 पीस नकली 3 पिन प्लग टॉप बरामद हुए। इंस्पेक्टर श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि कॉपीराइट अधिनियम की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।