अंबेडकरनगर। मॉडल शॉप द्वारा आसपास गंदगी फैलाए जाने पर नगर पालिका अकबरपुर की टीम ने सोमवार को अभियान के दौरान पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया। हिदायत दी कि यदि व्यवस्था में सुधार न मिला तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका की अधिशाषी अधिकारी बीना सिंह के नेतृत्व में सोमवार को टीम ने नगर में स्वच्छता जांच अभियान चलाया। अकबरपुर रोडवेज व पटेलनगर सहित अन्य क्षेत्रों में टीम ने भ्रमण कर आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कहा कि शहर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करें। यदि कोई गंदगी फैलाएगा तो उसके ऊपर जुर्माना लगाया जाएगा।
ईओ ने कहा कि यह अभियान आगे भी चलेगा। आम लोगों को जागरूक करने के साथ ही जुर्माने की भी कार्रवाई की जा रही है। लगातार लोगों को गीला व सूखा कचरा अलग-अलग निस्तारित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। बड़े पैमाने पर लोग इसका पालन भी कर रहे हैं।