अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के भवानीपुर गांव में मामूली विवाद में दो पक्षों में बुधवार सुबह हुई मारपीट में 12 लोग घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इसमें से एक की हालत गंभीर देखते हुए ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
भवानीपुर निवासी पवन कुमार के मुताबिक बीते दिनों घर की छत का निर्माण हुआ है। वह बुधवार सुबह उस पर पानी डाल रहे थे। इसी दौरान विपक्षी हरखाली के परिवारीजन गाली-गालौज करने लगे। मना करने पर विपक्षियों ने मारपीट शुरू कर दी। दूसरे पक्ष के हरखाली का आरोप है कि विपक्षी जानबूझकर उनके घर की तरफ पानी डाल रहा था। उन लोगों ने इसका विरोध किया तो गाली देने लगा। इसके बाद मारपीट करने लगे। मारपीट की इस घटना में एक तरफ से पवन कुमार (27), खियाली (50), कंचन (19), अनीता (20), सुमन (17) दूसरे पक्ष के हरखाली (50), रेशमा (48), क्रांति देवी (30), प्रदीप (32), संदीप (18), ऊषा (22) व कविता (16) घायल हो गए। इन सभी को ग्रामीणों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
यहां पर घायल प्रदीप की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया है। कोतवाल वीबी सिंह ने बताया दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल 12 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।