अंबेडकरनगर। प्रदेश के 108 आकांक्षात्मक विकासखंडों में विशेष सचिव स्तरीय अधिकारियों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण जारी है। टांडा, भीटी और भियांव विकासखंडों में तीन दिवसीय भ्रमण पर पहुंचे अधिकारी विकास कार्यों की प्रगति का भौतिक सत्यापन कर रहे हैं।
शनिवार को टांडा विकासखंड में जलापूर्ति एवं ग्रामीण विकास विभाग के विशेष सचिव दिव्य प्रकाश गिरी ने ग्राम पंचायत चिंतौरा का निरीक्षण किया। प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय में स्मार्ट क्लासरूम, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष सहित सभी शैक्षणिक सुविधाओं की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया गया। विद्यालय परिसर में पेयजल, बिजली और बालक-बालिका शौचालयों की उपलब्धता एवं गुणवत्ता की जांच की गई। शौचालयों पर स्वास्थ्य संबंधी स्लोगन लगाने के निर्देश दिए गए।
आंगनबाड़ी केंद्र चिंतौरा प्रथम का निरीक्षण कर बच्चों को पोषण सामग्री वितरित की गई। नवजात शिशुओं के वजन-लंबाई मापन उपकरण, बालमैत्रिक शौचालय और शुद्ध पेयजल की स्थिति की समीक्षा की गई। स्वयं सहायता समूह के निर्मित उत्पादों की गुणवत्ता, उत्पादन और विपणन की जानकारी ली गई। समूह की कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
ग्राम भ्रमण के दौरान जनचौपाल में सरकारी योजनाओं की लाभार्थी तक पहुंच तथा जागरूकता की स्थिति का सत्यापन किया गया। स्वास्थ्य विभाग के आशा, एएनएम कर्मियों से गर्भवती महिलाओं के एएनसी परीक्षण, टीकाकरण व बच्चों के सैम व मैम उपचार का ब्योरा प्राप्त किया गया।कृषि विभाग के प्रथम विशेष सचिव रविंद्र कुमार ने विकासखंड भीटी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पंचायत भवन, महिला सिलाई केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय और आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता और ओपीडी व्यवस्था की समीक्षा की।
पंचायत भवन मिझौड़ा में प्रमाणपत्र सेवा की जांच की गई। महिला सिलाई केंद्र की टीन शेड की स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए गए। आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई। टीकाकरण कक्ष व एएनसी जांच की कार्यशैली की प्रशंसा की गई। जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम स्तर पर नलों से पेयजल आपूर्ति की जांच की गई। सभी स्थलों पर जलापूर्ति संतोषजनक पाई गई। निरीक्षण के दौरान सीडीओ, खंड विकास अधिकारी और संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।