अंबेडकरनगर। जिले में खाद की ओवररेटिंग और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर डीएपी बेचने के मामले में विभाग ने एक उर्वरक विक्रेता का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। साथ ही बृहस्पतिवार को संबंधित विक्रेता के खिलाफ जैतपुर थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है।
कृषि विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत एक सप्ताह पूर्व जलालपुर तहसील के भियांव ब्लॉक स्थित मेसर्स मौर्य उर्वरक भंडार, अंबरपुर की जांच की गई थी। जांच के दौरान दुकान पर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर डीएपी बेचने की पुष्टि हुई। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए विभाग ने विक्रेता के खिलाफ लाइसेंस निरस्तीकरण और एफआईआर की कार्रवाई की।
शिकायत के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
कृषि विभाग ने किसानों से खाद खरीदते समय निर्धारित मूल्य से अधिक भुगतान नहीं करने की अपील की है। ओवररेटिंग या उर्वरक से जुड़ी अन्य समस्याओं की शिकायत के लिए उप कृषि निदेशक कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसान मोबाइल नंबर 9198886916 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उर्वरक प्राप्त करने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य है। जिन किसानों की रजिस्ट्री नहीं हुई है, वे तहसील पहुंचकर खतौनी का अंश निर्धारण कराएं और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि खाद लेने में किसी तरह की परेशानी न हो।
लक्ष्य से अधिक यूरिया, डीएपी और एनपीके उपलब्ध
नवंबर तक जिले में अधिकांश उर्वरकों की उपलब्धता निर्धारित लक्ष्य से अधिक रही है। यूरिया का लक्ष्य 10,262 मीट्रिक टन था, जबकि उपलब्धता 32,421 मीट्रिक टन रही। इसी तरह डीएपी 9,246 के सापेक्ष 11,708 मीट्रिक टन और एनपीके 4,187 के सापेक्ष 5,383 मीट्रिक टन उपलब्ध है। एसएसपी की उपलब्धता भी 8,228 के लक्ष्य के मुकाबले 13,687 मीट्रिक टन रही। हालांकि, एमओपी की उपलब्धता 416 मीट्रिक टन के लक्ष्य के सापेक्ष 404 मीट्रिक टन है। जिला कृषि अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी के अनुसार, वितरण के बाद भी सहकारिता और निजी क्षेत्र को मिलाकर जिले में 25,798 मीट्रिक टन यूरिया समेत अन्य उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।