अंबेडकरनगर। राष्ट्रीय कृमि दिवस के मौके पर बृहस्पतिवार को डीएम अविनाश कुमार सिंह ने प्राथमिक विद्यालय पसियापारा में एल्बेंडाजॉल दवा खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। डीएम ने सभी से आह्वान किया कि स्वास्थ्य टीम द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली दवा का सेवन अवश्य करें। इससे वह कई तरह की बीमारियों से बचेंगे।
डीएम ने विद्यालय में बच्चों को दवा खिलाने के साथ ही उनकी शैक्षिक गुणवत्ता परखने के लिए छात्र छात्राओं से कई सवाल भी पूछे। उपमुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय वर्मा ने बताया कि यह दवा एक वर्ष से 19 वर्ष तक के युवाओं को खिलाई जाएगी। एल्बेंडाजॉल दवा का सेवन करने से पेट में होने वाले कृमि रोगों से छुटकारा मिलेगा। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के साथ ही कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।